July 30, 2026

महानदी में उफान से आरंग के निसदा गांव में घुसा बाढ़ का पानी, SDRF ने घर में फंसे 6 लोगों को बचाया

आरंग। महानदी के ऊपरी कैचमेंट क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब रायपुर जिले के आरंग क्षेत्र में भी दिखाई देने लगा है। महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण तटीय गांव निसदा में बाढ़ का पानी घुस गया। हालात उस समय गंभीर हो गए जब एक ही परिवार के छह सदस्य अपने घर में चारों ओर से पानी से घिर गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। आरंग एसडीएम अभिलाषा पैकरा, तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे और थाना प्रभारी हरीश साहू अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बाढ़ के बढ़ते खतरे को देखते हुए SDRF की विशेषज्ञ टीम और मोटर बोट की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, जलभराव में फंसा परिवार सियाराम साहू का था। सुबह जब महानदी का जलस्तर बढ़ना शुरू हुआ, तब ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने परिवार को समय रहते सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी थी। हालांकि, परिवार ने शुरुआत में घर छोड़ने से इनकार कर दिया। कुछ ही घंटों बाद पानी तेजी से बढ़ा और पूरा मकान चारों ओर से जलमग्न हो गया, जिससे परिवार बाहर निकलने का रास्ता खो बैठा।

इस बीच पंचायत प्रतिनिधियों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। गांव के सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक ने समय रहते निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क किया और खतरे वाले क्षेत्र के 12 घरों से 42 लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों और ऊंचे स्थानों पर पहुंचाया। प्रशासन का कहना है कि यदि समय रहते यह कदम नहीं उठाया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ के तेज बहाव को देखते हुए सामान्य नावों से रेस्क्यू करना जोखिम भरा था। इसलिए SDRF की विशेष टीम को बुलाकर सुरक्षित तरीके से बचाव अभियान चलाया गया। फिलहाल गांव में मुनादी कराई जा रही है और महानदी के तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन लगातार जलस्तर पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है।