बिलासपुर। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में अधिवक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव ने 11 अधिवक्ताओं को वरिष्ठ अधिवक्ता (Senior Advocate) के रूप में नियुक्त किए जाने की अधिसूचना जारी की है। यह नियुक्ति अधिवक्ता अधिनियम, 1961 की धारा 16 तथा छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय (वरिष्ठ अधिवक्ताओं की नियुक्ति) नियम, 2025 के तहत की गई है।
जारी अधिसूचना में यह भी उल्लेख किया गया है कि सर्वोच्च न्यायालय के 13 मई 2025 के निर्णय (आपराधिक अपील संख्या 865/2025, जितेंद्र उर्फ कल्ला बनाम राज्य (दिल्ली सरकार)) के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया है। 28 अप्रैल 2026 को पूर्ण न्यायालय की स्वीकृति के बाद इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया।
नियुक्त वरिष्ठ अधिवक्ताओं में शैलेंद्र दुबे, रणवीर सिंह मरहस, हमीदा सिद्दीकी, यशवंत ठाकुर, अनूप मजूमदार, नीलाभ दुबे, अमृतो दास, मतीन सिद्दीकी, नौशिना आफरीन अली, अरविन्द श्रीवास्तव और तारेन्द्र कुमार झा शामिल हैं।
इस निर्णय को न्यायिक व्यवस्था में अनुभव और दक्षता को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





