September 4, 2026

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने 56 नए सिविल जजों को दी पहली पोस्टिंग, 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने पीएससी के जरिए चयनित 56 नए सिविल जजों की पहली पोस्टिंग के साथ 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव की ओर से जारी विभिन्न आदेशों और अधिसूचनाओं के तहत हायर ज्यूडिशियल सर्विस और लोअर ज्यूडिशियल सर्विस के कई न्यायिक अधिकारियों की पदस्थापना में बदलाव किया गया है।

राज्य शासन द्वारा प्रोबेशन पर नियुक्त किए गए 56 नए सिविल जज (जूनियर डिवीजन) को उनकी पहली पदस्थापना दी गई है। सभी नव-नियुक्त न्यायिक अधिकारियों को 29 अगस्त 2026 तक अपनी नई पदस्थापना वाली जगह पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

हायर ज्यूडिशियल सर्विस के 5 जजों का तबादला

हायर ज्यूडिशियल सर्विस के पांच न्यायिक अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। दंतेवाड़ा परिवार न्यायालय के जज हरीश कुमार अवस्थी को प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायपुर पदस्थ किया गया है।

इसी तरह ममता पटेल को अंबिकापुर से द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश बिलासपुर, ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से न्यायाधीश राजनांदगांव और नमिता मिंज भास्कर को धमतरी से नई जिम्मेदारी दी गई है। वहीं एन सिंह साहू को राजनांदगांव से अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) दंतेवाड़ा पदस्थ किया गया है।

रायपुर और अंबिकापुर में भी बदली जिम्मेदारी

रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज शर्मा को एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत रायपुर विशेष अदालत का विशेष न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

वहीं अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सिविल जज सीनियर डिवीजन में भी पदस्थापना

सिविल जज सीनियर डिवीजन संवर्ग में सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) एवं प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन मुंगेली पदस्थ किया गया है।

इसके अलावा भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग और नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव में पदस्थ किया गया है।

दुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त जज रवि कुमार कश्यप को प्रतिनियुक्ति पर हाईकोर्ट में ओएसडी बनाया गया है। इसके साथ ही सिविल जज जूनियर डिवीजन संवर्ग के 7 न्यायिक अधिकारियों के तबादले भी किए गए हैं।