रायपुर। छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान दिलाने और प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने के लिए पहली बार छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव और खेल संचालक ने लीग का शुभारंभ किया। लीग को IPL की तर्ज पर तैयार किया गया है।
21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक मुकाबले
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि हॉकी इंडिया से चर्चा के बाद लीग के मुकाबले 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही मंच देने की है।
साव के मुताबिक, सरकार के माध्यम से किसी राज्य में इस तरह की हॉकी लीग का आयोजन पहली बार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
6 टीमें लेंगी हिस्सा
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में कुल 6 टीमें मैदान में उतरेंगी—
- राजधानी रॉयल्स
- चित्रकूट चैलेंजर्स
- संस्कारधानी स्ट्राइकर
- चक्रधर चैंपियंस
- न्यायधानी नाइट्स
- मैनपाट टाइटंस
हर टीम में 22 खिलाड़ी शामिल होंगे। टीमों में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ राज्य और जूनियर स्तर के खिलाड़ियों को भी मौका दिया जाएगा।
नॉकआउट फॉर्मेट में होंगे मुकाबले
लीग के मुकाबले नॉकआउट फॉर्मेट में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबलों के विजेता फाइनल में भिड़ेंगे और लीग के चैंपियन का फैसला होगा।
युवा खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
आयोजकों का कहना है कि लीग का उद्देश्य सिर्फ प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रदेश के युवा हॉकी खिलाड़ियों को अनुभवी और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर देना है। इससे उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और आगे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाने में मदद मिलेगी।
लीग के लोगो और रंगों में भी खास संदेश दिया गया है। भगवा रंग को साहस, शक्ति और निडरता का प्रतीक बताया गया है। सरकार को उम्मीद है कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश में हॉकी को नई पहचान देने में अहम भूमिका निभाएगी।





