May 18, 2026

होली पर छत्तीसगढ़ में शराब बिक्री का रिकॉर्ड, दो दिन में 179 करोड़ की देसी-विदेशी मदिरा बिकी

रायपुर। होली के मौके पर छत्तीसगढ़ में शराब की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बना दिया। होली से जुड़े दो दिनों में प्रदेश में 1 अरब 79 करोड़ रुपये से अधिक की देसी और विदेशी शराब की बिक्री दर्ज की गई।

जानकारी के अनुसार, होली से एक दिन पहले 3 मार्च को ही 128 करोड़ रुपये से अधिक की शराब बिकी, जो सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना ज्यादा है। वहीं 5 मार्च को भी करीब 51 करोड़ रुपये से अधिक की शराब की बिक्री हुई।

स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन के एमडी पदुम सिंह एल्मा ने बताया कि सामान्य दिनों में प्रदेश में शराब की औसतन करीब 40 करोड़ रुपये की बिक्री होती है, लेकिन होली के कारण मांग में काफी बढ़ोतरी हुई। उन्होंने बताया कि 3 और 5 मार्च को मिलाकर कुल 179 करोड़ रुपये से अधिक की देसी और विदेशी मदिरा की बिक्री दर्ज की गई है।

प्रदेश में कुल 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 मतदाता हैं और होली के मौके पर शराब बिक्री का आंकड़ा 1 अरब 79 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया।

रायपुर में 58 करोड़ से ज्यादा की शराब बिक्री
रायपुर जिले में होली के दौरान महज चार दिनों में मदिरा प्रेमियों ने 58 करोड़ 10 लाख रुपये की शराब खरीद ली। यह पिछले साल की तुलना में करीब 91 लाख रुपये अधिक है।

होली के दिन 4 मार्च को शराब दुकानें बंद रहीं, लेकिन इसके बावजूद होली की खुमारी अगले दिन भी जारी रही। 5 मार्च को जिले में 8 करोड़ 31 लाख रुपये की शराब की बिक्री हुई।

वहीं होली से एक दिन पहले 3 मार्च को 21 करोड़ 73 लाख रुपये, 2 मार्च को 15 करोड़ 94 लाख रुपये और 1 मार्च को 12 करोड़ 11 लाख रुपये की शराब खरीदी गई।

‘देशी’ की मांग घटी, ‘विदेशी’ की बढ़ी
आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब उपभोक्ताओं का रुझान देशी शराब की बजाय विदेशी शराब की ओर बढ़ रहा है। चार दिनों के आंकड़ों में 1 मार्च को छोड़कर बाकी तीनों दिन पिछले वर्ष की तुलना में देशी शराब की बिक्री कम रही।

इसके विपरीत विदेशी शराब की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। विदेशी स्प्रिट की बिक्री में लगभग 60 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखी गई, जबकि बिक्री के मामले में विदेशी स्प्रिट देशी और विदेशी माल्ट की तुलना में सबसे आगे रही।