रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए आईएएस अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत वर्ष 2012 बैच के आईएएस अधिकारी रजत बंसल को मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थ करने के साथ जनसंपर्क आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार रजत बंसल को आगामी आदेश तक विशेष सचिव, मुख्यमंत्री सचिवालय के पद पर नियुक्त किया गया है। वे अपने वर्तमान कार्यों के साथ-साथ आयुक्त जनसंपर्क, सीईओ ‘संवाद’, संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म तथा प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
वहीं वर्ष 2016 बैच के आईएएस अधिकारी रवि मित्तल को भारत सरकार के आदेश के तहत प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ), नई दिल्ली में उप सचिव पद पर प्रतिनियुक्ति के लिए रिलीव किया गया है।
आदेश के अनुसार रवि मित्तल को 31 मार्च 2026 की अपराह्न से कार्यमुक्त किया जाएगा। उनकी प्रतिनियुक्ति अवधि चार वर्ष या आगामी आदेश तक निर्धारित की गई है।
सरकार द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।







