July 23, 2026

स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियां शुरू, रायपुर में CM साय करेंगे ध्वजारोहण; ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर होगा विशेष आयोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने स्वतंत्रता दिवस 2026 को पूरे प्रदेश में गरिमामय, भव्य और प्रेरणादायी ढंग से मनाने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का आयोजन विशेष रहेगा, क्योंकि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शासन ने सभी जिलों के कलेक्टरों और विभागीय प्रमुखों को कार्यक्रमों की समुचित तैयारी और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

रायपुर में मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण

राजधानी रायपुर के स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में 15 अगस्त को सुबह 9 बजे राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ध्वजारोहण करेंगे, परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश देंगे।

परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला), नगर सेना, एनसीसी तथा बैंड प्लाटून की टुकड़ियां शामिल होंगी। सभी शासकीय समारोहों में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन अनिवार्य किया गया है।

जिला और ब्लॉक स्तर पर भी होंगे समारोह

जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा नामित मंत्री ध्वजारोहण करेंगे, परेड की सलामी लेंगे और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

वहीं जनपद पंचायत मुख्यालयों में जनपद पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायतों में उनके अध्यक्ष एवं सरपंच ध्वजारोहण करेंगे। कार्यक्रमों में राष्ट्रीय गान, देशभक्ति गीत और राष्ट्रीय एकता व अखंडता का संदेश दिया जाएगा।

शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान

राज्य शासन ने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि जिला स्तरीय समारोहों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया जाए।

इसके साथ ही 15 अगस्त को प्रकाशित होने वाले सरकारी विज्ञापन स्वतंत्रता संग्राम के नायकों और छत्तीसगढ़ के शहीदों को समर्पित होंगे।

शासकीय भवनों पर होगी आकर्षक रोशनी

स्वतंत्रता दिवस की रात प्रदेश के सभी शासकीय भवनों, कार्यालयों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसका खर्च संबंधित विभाग वहन करेंगे। शासन ने आम नागरिकों और निजी संस्थानों से भी अपने भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और रोशनी करने की अपील की है।

शिक्षण संस्थानों के लिए विशेष निर्देश

शासकीय एवं शिक्षण संस्थानों में सुबह 9 बजे से पहले ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक, साहित्यिक, खेलकूद और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए जिला कलेक्टर से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। साथ ही केवल देशभक्ति और मर्यादित गीतों के प्रसारण की अनुमति होगी।