जांजगीर-चांपा।
पामगढ़ स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में बुधवार को मध्यान भोजन के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। लंच करने के बाद अचानक कई छात्रों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पामगढ़ में भर्ती कराया गया। फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, आज कुल 127 बच्चों ने मध्यान भोजन किया था, जिसमें से 12 बच्चों की तबीयत खराब हो गई। बच्चों ने बताया कि भोजन में पत्तागोभी की सब्जी और अचार परोसा गया था। भोजन के कुछ समय बाद ही छात्रों को उल्टी और पेट दर्द शुरू हो गया।
प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO), ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO), फूड इंस्पेक्टर, एसडीएम और स्थानीय जनप्रतिनिधि स्कूल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
फूड इंस्पेक्टर ने बताया कि भोजन में उपयोग की गई सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, जिसकी रिपोर्ट 2 से 3 दिन में प्राप्त होगी। रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
बच्चों का इलाज जारी
CHC पामगढ़ में भर्ती बच्चों का उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। प्रशासन ने फूड प्वाइजनिंग की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच तेज कर दी है।
स्थानीय प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और बच्चों के स्वास्थ्य पर नजर रखें।





