रायपुर। संसद में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा Union Budget 2026 पेश किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ में नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्री राजेश अग्रवाल और भाजपा वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिश ने केंद्रीय बजट को लेकर अपनी राय व्यक्त की।
बढ़ा कैपेक्स: डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इस बजट को ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यह केंद्रीय बजट पीएम मोदी के विजन 2047 की दिशा और देशवासियों के विकास के दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है।
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि इस बजट में कैपेक्स 11 लाख करोड़ से बढ़कर 12 लाख करोड़ रुपये हुआ है। इसके जरिए देश में अधोसंरचना और विकास की बड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि 23 फरवरी से छत्तीसगढ़ का बजट सत्र शुरू होगा, जिसमें कुल 15 बैठकें होंगी।
केंद्र सरकार का बजट बहुत अच्छा: मंत्री राजेश अग्रवाल
मंत्री राजेश अग्रवाल ने केंद्रीय बजट को युवाओं, किसानों, माताओं और समाज के सभी वर्गों के लिए संतुलित और लाभकारी बताया।
उन्होंने कहा कि बजट में छोटे शहरों के तीर्थ स्थलों और पर्यटन स्थलों को विकसित करने का प्रावधान किया गया है। साथ ही, पुरातत्व विभाग को विकसित करने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।
मंत्री अग्रवाल ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता अच्छी तरह जानती है कि कांग्रेस क्या कहती है और उसकी वर्तमान स्थिति सभी के सामने है।
विकसित भारत 2047 की दिशा में बजट: धरमलाल कौशिश
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिश ने बजट को विकसित भारत 2047 की तैयारी के अनुरूप बताया।
उन्होंने कहा कि बजट में युवा, किसान और महिला श्रमिकों का ध्यान रखा गया है। उनका कहना था कि यह बजट भारत के विकास में क्रांतिकारी बदलाव लाएगा और आने वाले समय में लोगों के जीवन पर व्यापक असर डालेगा।





