May 14, 2026

छत्तीसगढ़ शराब घोटाले से जुड़े मैनपावर घोटाले में ACB-EOW की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर | छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले से जुड़े मैनपावर घोटाले मामले में ACB-EOW की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 11 मई तक कस्टोडियल रिमांड पर भेज दिया गया है।

मामले में आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7(बी), 8 तथा भारतीय दंड संहिता की धाराएं 467, 468, 471 और 120बी के तहत कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के कारोबारी और एजेंसी संचालक शामिल हैं—
नीरज कुमार चौधरी (फरीदाबाद), अजय लोहिया (गुरुग्राम), अमित मित्तल (गुरुग्राम), अजीत दारंडले (पुणे), अमीत प्रभाकर सालुंके (पुणे), राजीव द्विवेदी (भोपाल) और संजीव जैन (भोपाल)।

कैसे सामने आया घोटाला

जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (CSMCL) में ओवरटाइम भुगतान के नाम पर बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है। जांच में खुलासा हुआ है कि वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच मैनपावर और प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से ओवरटाइम भत्ते के नाम पर करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया।

कर्मचारियों तक नहीं पहुंची राशि

आरोप है कि यह राशि कर्मचारियों तक पहुंचने के बजाय एजेंसियों के माध्यम से कमीशन के रूप में निकाल ली गई और उसे अवैध रूप से वितरित किया गया, जिससे राज्य को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

ईडी की कार्रवाई से शुरू हुई जांच

इस मामले की शुरुआत 29 नवंबर 2023 को हुई थी, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने रायपुर में तीन व्यक्तियों से 28.80 लाख रुपये नकद जब्त किए थे। इसी सूचना के आधार पर EOW/ACB ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच में बड़ा खुलासा

जांच एजेंसियों के अनुसार इस पूरे नेटवर्क में अनवर ढेबर तक कमीशन की राशि पहुंचने की बात सामने आई है। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।