रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में प्राध्यापकों एवं सहायक प्राध्यापकों के रिक्त पदों की जानकारी दी। मंत्री ने बताया कि प्रदेश के संचालित चिकित्सा महाविद्यालयों में कुल 481 पद खाली हैं।
विधायक इंद्र कुमार साहू ने सवाल किया था कि सहायक प्राध्यापकों व प्राध्यापकों के स्वीकृत पदों में से कितने पद रिक्त हैं, और यह जानकारी महाविद्यालय, विषय और विभागवार दी जाए। इसके अलावा, वर्ष 2015 से 2025 तक लोक सेवा आयोग के माध्यम से कितने सहायक प्राध्यापकों की भर्ती हुई और उनमें से कितनों ने परिवीक्षा अवधि पूरी की, इसकी जानकारी मांगी गई थी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सहायक प्राध्यापक के 673 स्वीकृत पदों में से 361 रिक्त हैं, जबकि प्राध्यापक के 224 स्वीकृत पदों में से 120 खाली हैं। मंत्री ने यह भी बताया कि 2015 से 2025 के बीच भर्ती किए गए सहायक प्राध्यापकों में से 155 ने अपनी परिवीक्षा अवधि पूरी कर ली है।





