रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील योजना रसोईयों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण प्रभावित होने के कगार पर है। पिछले 30 दिनों से 86,000 रसोईया हड़ताल पर हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर कहा है कि रसोईयों की अनुपस्थिति में भोजन की वैकल्पिक व्यवस्था संचालनकर्ता समूह की जिम्मेदारी होगी। योजना बाधित होने पर संचालनकर्ता समूह पर कुर्की, मानदेय कटौती या हटाए जाने जैसी कार्रवाई की जा सकती है।
रसोईया संघ ने आदेश को तानाशाही और आंदोलन दबाने का प्रयास बताया। उनका कहना है कि शिक्षा मंत्री उनकी मांगों को जायज मानते हैं, लेकिन अधिकारी दबाव बनाकर हड़ताल खत्म करवाना चाहते हैं।





