रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निधि सलाहकार समिति की 21वीं बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और प्रदेश में रेयर अर्थ मिनरल्स सहित कई खनिजों के प्रचुर भंडार उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में चल रही सभी खनन परियोजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने खनिजों के अवैध परिवहन और उत्खनन पर निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए आईटी और ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से अवैध गतिविधियों पर बेहतर और सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।
बैठक में मुख्यमंत्री साय ने पीएमकेकेकेवाई के अंतर्गत खनिज 2.0 पोर्टल के माध्यम से व्यय और परियोजनाओं की प्रगति की निगरानी की जानकारी भी ली। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए जिला खनिज न्यास अधिनियम के अंतर्गत राज्य स्तरीय केन्द्रीय कार्यक्रम प्रबंधन ईकाई (CPMU) के माध्यम से डीएमएफ कार्यों की बेहतर निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में परिवहन नेटवर्क (रेलमार्ग) के तहत चिरमिरी-नागपुर रेलवे लाइन के लिए 328 करोड़ रुपये और छत्तीसगढ़ रेल कॉरीडोर निर्माण हेतु 1-ईस्ट कॉरीडोर और 3-ईस्ट वेस्ट कॉरीडोर के लिए 60.10 करोड़ रुपये तथा क्वासी इक्विटी के रूप में 24.10 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई।
साथ ही, बैठक में खनिज विकास निगम लिमिटेड (CMDC) को NMDC-CMDC कंपनी लिमिटेड (NCL) संयुक्त उपक्रम में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी के रूप में विभिन्न परियोजनाओं के विकास हेतु 112.70 करोड़ रुपये और विभागीय कार्य हेतु अतिरिक्त 10 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई।
बैठक में संचालनालय, भौमिकी और खनिकर्म के अंतर्गत खनिज ब्लॉकों की नीलामी, खनिज ऑनलाइन 2.0 के भुगतान, भौमिकी के अंतर्गत सर्वेक्षण, पूर्वेक्षण और विभिन्न परियोजनाओं के भुगतान, बाह्य स्रोतों से तकनीकी कार्य, मुख्य एवं गौण खनिजों के अवैध परिवहन पर आईटी एवं ड्रोन तकनीक से निगरानी और जिला खनिज न्यास अधिनियम के तहत डीएमएफ से संबंधित कार्यों की निगरानी के लिए सीपीएमयू सहित विभागीय कार्य हेतु कुल 138.17 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई।
बैठक में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निधि सलाहकार समिति की 20वीं बैठक में संपन्न कार्यों के क्रियान्वयन की जानकारी भी साझा की गई।
बैठक में वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव सह सचिव वित्त मुकेश बंसल, मुख्यमंत्री के सचिव सह सचिव खनिज साधन विभाग पी दयानंद, संचालक खनिज रजत बंसल सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।





