भिलाईनगर: बीएसपी टाउनशिप में बकाया बिजली बिल पर सख्ती, 15 दिन बाद काटा जा रहा कनेक्शन
भिलाई इस्पात संयंत्र (Bhilai Steel Plant) के टाउनशिप प्रशासन ने दुकानों और आवासों के लंबित बिजली बिलों की वसूली के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। बकायादारों को 15 दिन का नोटिस दिया जा रहा है। तय अवधि में भुगतान नहीं होने पर कनेक्शन विच्छेद किया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार, विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 56 के तहत बिल न चुकाना उल्लंघन है और वितरण कंपनी को आपूर्ति काटने का अधिकार है। कुछ प्रमुख दुकानों के कनेक्शन भी काटे जा चुके हैं।
रिटेंशनधारियों पर भी कार्रवाई संभव?
बढ़े हुए 24 रुपये प्रति वर्गफुट किराए के बिलों को लेकर रिटेंशनधारियों में नाराजगी है। सांसद विजय बघेल और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडेय ने रेंट जमा न करने की अपील की थी। बावजूद इसके प्रबंधन सख्ती के मूड में दिख रहा है।
दुर्ग: महाराजा चौक से बोरसी चौक तक बनेगा फोरलेन
दुर्ग शहर में यातायात दबाव कम करने के लिए महाराजा चौक से बोरसी चौक तक 1.8 किमी लंबी फोरलेन सड़क बनेगी। लोक निर्माण विभाग ने 2396.71 लाख रुपये की प्रशासकीय और 1149.36 लाख रुपये की तकनीकी स्वीकृति दी है। विद्युत पोल शिफ्टिंग और यूटिलिटी कार्यों के लिए भी राशि जारी की गई है।
स्कूल शिक्षा मंत्री व स्थानीय विधायक गजेंद्र यादव की पहल पर परियोजना को गति मिली है। सीमांकन और सर्वे कार्य पूरा हो चुका है, भू-अर्जन प्रक्रिया जारी है।
राजनांदगांव: जमीन धोखाधड़ी में दो महिला आरोपी गिरफ्तार
बसंतपुर थाना पुलिस ने जमीन की फर्जी रजिस्ट्री मामले में दो महिला आरोपियों को दुर्ग-भिलाई क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कूटरचित पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर जमीन की बिक्री की गई। पुलिस ने धारा 419, 420, 467, 468, 471, 34 भादवि के तहत कार्रवाई की है।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों की भारी कमी
राजनांदगांव जिला अस्पताल में स्त्री रोग, एनेस्थीसिया, ईएनटी और चर्म रोग विशेषज्ञों के पद खाली हैं। 203 स्वीकृत पदों में से 53 रिक्त हैं, जिससे मरीजों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है।
नाबालिग श्रमिक की मौत पर कारखाना मालिक को सजा
श्रम न्यायाधीश अमित जिंदल ने कारखाना अधिनियम 1948 की धारा 92 के तहत कारखाना मालिक श्रवण कुमार चंद्रवंशी को 16 माह के कारावास और 2.80 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है। 17 वर्षीय किशोर की फैक्ट्री में सुरक्षा लापरवाही से मौत हुई थी।





