रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज धर्म, राजनीति, न्याय और खेल से जुड़ी कई बड़ी खबरें सामने आ रही हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लेकर हाईकोर्ट के अहम फैसले और खेल उपलब्धियों तक, जानिए आज की प्रमुख खबरें—
CM साय आज हनुमान जन्म महोत्सव में होंगे शामिल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वे शाम 6:45 बजे मुख्यमंत्री निवास से नर्मदा कुंड मंदिर के लिए रवाना होंगे, जहां हनुमान जन्म महोत्सव में पूजा-अर्चना करेंगे। कार्यक्रम के बाद रात 8:10 बजे वापस निवास लौटेंगे। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
हनुमान जयंती पर मंदिरों में उमड़ी भीड़
हनुमान जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ देखी जा रही है। सुबह 4 बजे से पूजा-अभिषेक शुरू हो गया। शहर के 1000 से अधिक मंदिरों में सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन, महाआरती और भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।
जग्गी हत्याकांड मामले में आज अहम फैसला
बहुचर्चित रामावतार जग्गी हत्याकांड में आज अंतिम सुनवाई होगी। हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस अरविंद वर्मा की डिवीजन बेंच इस मामले की सुनवाई करेगी। CBI ने 11,000 पन्नों की जांच रिपोर्ट पेश की है, जिसमें अमित जोगी पर भी आरोप लगाए गए हैं।
ट्राइबल गेम्स: छत्तीसगढ़ को मेंस हॉकी में ब्रॉन्ज
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की मेंस हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता। टीम ने मध्यप्रदेश को 14-6 से हराया। वहीं फुटबॉल में भी टीम ने फाइनल में जगह बना ली है।
6 अप्रैल से BJP का ‘गांव चलो अभियान’
भाजपा 6 से 14 अप्रैल तक प्रदेश में “गांव चलो अभियान” चलाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और सांसद गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद करेंगे और योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करेंगे।
कांग्रेस की पदयात्रा, 19 मांगों को लेकर प्रदर्शन
जगदलपुर में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ पदयात्रा और धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने 19 सूत्रीय मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा और जल संकट समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।





