May 15, 2026

छत्तीसगढ़ नर्सेस काउंसिल में फर्जी दस्तावेज से वित्तीय गड़बड़ी, 6 लोगों पर FIR दर्ज; जांच रिपोर्ट में बड़े खुलासे

रायपुर। छत्तीसगढ़ नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वित्तीय अनियमितताओं का बड़ा मामला सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच के बाद अब संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ की ओर से 6 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई गई है, जिस पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।

इस संबंध में डिप्टी डायरेक्टर निधि ग्वालरे ने गोलबाजार थाना में 425 पन्नों की विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर काउंसिल से जुड़ी कई गड़बड़ियों का खुलासा हुआ है।

एफआईआर में जिन लोगों के नाम शामिल हैं, उनमें काउंसिल की निलंबित रजिस्ट्रार दुर्गावती उसारे (कुंजाम), कांकेर जीएनएम प्रशिक्षण केंद्र की सुरीला जैन, अंबागढ़ चौकी कॉलेज की काजोल साहू, जांजगीर-चांपा की वसंता कुमार और मंजू एमएल शामिल हैं।

इसके अलावा जांच में नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल रायपुर के मैथ्यू फर्नाडिज और नरेंद्र देवांगन के खिलाफ भी गंभीर आरोप सामने आए हैं। इन पर तथ्यों को छिपाने, भ्रामक जानकारी देने और पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है, जिसके चलते उनके खिलाफ भी शिकायत दर्ज की गई है।

गौरतलब है कि इस मामले में पहले ही काउंसिल की रजिस्ट्रार दुर्गा उसारे को निलंबित किया जा चुका है। उन्हें पद से हटाकर रायपुर सीएमएचओ कार्यालय में अटैच कर दिया गया है।

पुलिस अब पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है और दस्तावेजों की गहन जांच के आधार पर अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।