May 16, 2026

फर्जी दस्तावेज और घोटाले का आरोप: छत्तीसगढ़ नर्सिंग काउंसिल की रजिस्ट्रार दुर्गा उसारे निलंबित

रायपुर: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां छत्तीसगढ़ नर्सिंग काउंसिल की रजिस्ट्रार दुर्गा उसारे को गंभीर अनियमितताओं के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के तहत यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।

क्या हैं आरोप?

विभागीय जांच में सामने आया है कि दुर्गा उसारे ने प्राइवेट नर्सिंग कॉलेजों को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मान्यता देने में भूमिका निभाई।

इसके अलावा उन पर वित्तीय अनियमितता, शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाने, तथ्यों को छुपाकर भ्रामक जानकारी देने और नियमों के विरुद्ध कार्य करने जैसे गंभीर आरोप भी लगे हैं।

पद का दुरुपयोग भी पाया गया

जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए स्वहित में निर्णय लिए। इन सभी आरोपों को गंभीर मानते हुए शासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया।

सीएमएचओ कार्यालय में अटैच

निलंबन के बाद दुर्गा उसारे को रायपुर के सीएमएचओ कार्यालय में अटैच किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत प्रावधानित है।

स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं और अन्य जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई हो सकती है।