रायपुर। छत्तीसगढ़ में हाल ही में संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत और नगरीय निकायों के आम एवं उप चुनाव के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुबह से मतगणना शुरू हो चुकी है और धीरे-धीरे परिणाम सामने आने लगेंगे।
इन चुनावों में 5 नगरीय निकाय अध्यक्ष, 71 पार्षद, 10 जनपद पंचायत सदस्य, 34 सरपंच और 107 पंच पदों के लिए प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है।
मतगणना प्रदेश के 13 निर्धारित केंद्रों में की जा रही है, जहां 395 अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। परिणामों को लेकर प्रत्याशियों, समर्थकों और राजनीतिक दलों में उत्सुकता चरम पर है।
इन चुनावों को स्थानीय स्तर पर काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि कई नवगठित नगर पंचायतों और रिक्त पंचायत पदों पर पहली बार जनप्रतिनिधियों का चयन हुआ है। परिणाम आने के बाद संबंधित क्षेत्रों में विकास और स्थानीय प्रशासन की दिशा तय होगी।
राज्य निर्वाचन आयोग ने मई में चुनाव कार्यक्रम घोषित किया था। इसके बाद नामांकन, जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी कर 1 जून को मतदान कराया गया, जबकि आज 4 जून को मतगणना की जा रही है।
नगरीय निकाय चुनाव में 5 अध्यक्ष और 71 पार्षद पदों के लिए मुकाबला हुआ था। राजनांदगांव की घुमका, जांजगीर-चांपा की बम्हनीडीह, सूरजपुर की शिवानंदनपुर और बलौदाबाजार की पलारी नगर पंचायत के नतीजों पर विशेष नजर बनी हुई है।
वहीं पंचायत चुनाव में 10 जनपद सदस्य, 34 सरपंच और 107 पंच पदों के लिए मतदान हुआ था। कई जगहों पर मुकाबला बेहद करीबी माना जा रहा है।
1 जून को हुए मतदान में नगरीय निकाय क्षेत्रों में 84.58 प्रतिशत और पंचायत क्षेत्रों में 78.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो मतदाताओं की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है।
मतगणना को लेकर प्रत्याशियों और समर्थकों में भारी उत्साह है। कई सीटों पर कांटे की टक्कर की संभावना जताई जा रही है, जबकि कुछ क्षेत्रों में एकतरफा मुकाबले की चर्चा भी है। स्थानीय निकाय चुनाव भले ही गैर-दलीय आधार पर होते हैं, लेकिन इन्हें राजनीतिक दलों की जमीनी पकड़ का महत्वपूर्ण संकेतक माना जाता है।





