रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में प्रदेश की बहुप्रतीक्षित CM हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने हेल्पलाइन के आधिकारिक लोगो का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में मंत्रिपरिषद के सदस्य और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की समस्या को सुनना, उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना और शासन-प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाना है। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों, सुझावों और जनप्रतिसाद ने एक स्थायी और प्रभावी जनसंपर्क तंत्र की आवश्यकता को सामने रखा, जिसके परिणामस्वरूप CM हेल्पलाइन की शुरुआत की गई है।
शिकायत, सुझाव और फीडबैक का मिलेगा मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेशवासी टोल फ्री नंबर 1076 पर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे, सुझाव दे सकेंगे और विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी साझा कर सकेंगे। यह प्रणाली शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाने के साथ पारदर्शिता और जवाबदेही को भी बढ़ावा देगी।
व्हाट्सऐप से भी जुड़ी हेल्पलाइन
डिजिटल युग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हेल्पलाइन को व्हाट्सऐप प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस व्यवस्था में राज्य शासन के 42 विभागों के करीब 8 हजार अधिकारी शामिल किए गए हैं। शिकायतों के निराकरण के लिए 1195 श्रेणियां निर्धारित की गई हैं, जिनमें तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई होगी।
हर शिकायत को मिलेगी यूनिक आईडी
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी दी जाएगी, जिससे आवेदक अपनी शिकायत की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेगा। यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं होता है तो मामला स्वतः उच्च अधिकारियों के पास पुनः परीक्षण और जांच के लिए भेज दिया जाएगा।
24 घंटे संचालित होगी सेवा
CM हेल्पलाइन सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे संचालित रहेगी। इसके लिए तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सचिव स्तर के अधिकारी डैशबोर्ड के माध्यम से इसकी निगरानी करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री सचिवालय भी इसकी सतत मॉनिटरिंग करेगा।
जनभागीदारी को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल शिकायत निवारण का माध्यम नहीं, बल्कि जनभागीदारी को सशक्त बनाने का मंच भी है। नागरिक राज्य के विकास से जुड़े सुझाव भी इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से साझा कर सकेंगे, जिससे नीति निर्माण और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव एवं सचिव, सुशासन एवं अभिसरण विभाग राहुल भगत ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए CM हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली और विशेषताओं की जानकारी दी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




