May 15, 2026

रोजगार को तरस रहे पदक विजेता खिलाड़ियों पर सरकार का ध्यान, चयन प्रक्रिया तेज—जल्द मिलेगी राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले सैकड़ों खिलाड़ी पिछले 7-8 वर्षों से रोजगार के अभाव में संघर्ष कर रहे हैं। कई पदक विजेता खिलाड़ी आजीविका के लिए चाय ठेला, ई-रिक्शा चलाने और सब्जी बेचने जैसे कार्य करने को मजबूर हैं।

इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब सरकार ने संज्ञान लिया है और प्रक्रिया में तेजी आने के संकेत मिले हैं। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने स्पष्ट किया है कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसके पूरा होते ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

हाल ही में प्रदेशभर के पदक विजेता और अवॉर्ड प्राप्त खिलाड़ियों ने नवा रायपुर स्थित खेल मंत्री के निवास पर मुलाकात कर उत्कृष्ट खिलाड़ी सूची जारी करने और राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित करने की मांग रखी। खिलाड़ियों की बात सुनने के बाद मंत्री ने आश्वासन दिया कि चयन प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और जल्द ही मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक कर खिलाड़ियों के सम्मान की घोषणा की जाएगी।

इसके बाद खिलाड़ियों का प्रतिनिधिमंडल खेल एवं युवा कल्याण विभाग पहुंचा, जहां खेल सचिव यशवंत कुमार सहित विभागीय अधिकारियों और जिला खेल अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में खिलाड़ियों ने चयन प्रक्रिया की समयसीमा और उत्कृष्ट खिलाड़ी समिति की बैठक को लेकर सवाल उठाए।

खेल सचिव ने बताया कि प्रक्रिया अंतिम चरण में है और बहुत जल्द सूची जारी कर दी जाएगी। साथ ही ओवर एज मामलों को भी गंभीरता से लेते हुए उचित निर्णय लेने की बात कही गई है।

लंबे समय से लंबित इस मुद्दे पर सरकार की सक्रियता के बाद अब खिलाड़ियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।