रायपुर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म अब साइबर ठगों के लिए ठगी का नया माध्यम बनते जा रहे हैं। ताजा मामला मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रमुख सचिव एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुबोध सिंह से जुड़ा है। शातिर साइबर ठग ने उनके नाम से फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर परिचितों से पैसे मांगने की कोशिश की।
कुछ ही घंटों में बनाई फर्जी प्रोफाइल
जानकारी के अनुसार, ठग ने सोमवार को आईएएस सुबोध सिंह के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल तैयार की। हैरानी की बात यह है कि महज दो घंटे के भीतर फर्जी अकाउंट से 58 लोगों को जोड़ लिया गया। इसके बाद आरोपी परिचितों को मैसेज भेजकर पैसों की मांग करने लगा।
जानकारी मिलते ही दर्ज कराई शिकायत
फर्जी आईडी से रुपए मांगे जाने की जानकारी मिलते ही आईएएस सुबोध सिंह ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अधिकारी, जनप्रतिनिधि या परिचित के नाम से सोशल मीडिया पर पैसे मांगने का संदेश मिलने पर उसकी सत्यता की पुष्टि किए बिना किसी भी प्रकार का ऑनलाइन भुगतान न करें। साथ ही ऐसे फर्जी अकाउंट की तुरंत शिकायत संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और साइबर पुलिस से करने की सलाह दी गई है।





