May 14, 2026

छत्तीसगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन तलाश” सफल, एक माह में 4056 गुमशुदा लोगों का पता लगाया गया

रायपुर | पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के निर्देशन में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा गुमइंसानों की खोज के लिए चलाया गया विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक पूरे राज्य में चलाया गया, जिसके तहत कुल 4056 गुमशुदा लोगों का पता लगाया गया।

पुलिस के अनुसार बरामद लोगों में 545 बच्चे तथा 3511 महिला एवं पुरुष शामिल हैं। इस दौरान 75 बालक, 470 बालिका, 972 पुरुष और 2539 महिलाओं को सुरक्षित बरामद किया गया।

अन्य राज्यों से भी हुई बरामदगी

अभियान की एक बड़ी उपलब्धि यह रही कि 182 गुमशुदा लोगों को अन्य राज्यों से खोजकर वापस लाया गया। इनमें महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, तेलंगाना, बिहार, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान, झारखंड, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं।

जिलों का योगदान

इस अभियान में दुर्ग पुलिस ने 683, बिलासपुर पुलिस ने 648 और रायपुर पुलिस ने 426 गुमशुदा लोगों की सबसे अधिक पतासाजी कर महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पुलिस की विशेष टीमें सक्रिय रहीं

अभियान के दौरान विशेष पुलिस टीमों ने सभी संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षकों और नोडल अधिकारियों के निर्देशन में इसे गंभीरता से लागू किया गया।

परिजनों से मिलाया गया

बरामद सभी बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को विधिवत उनके परिजनों से मिलाया गया, जिससे आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

छत्तीसगढ़ पुलिस की यह सफलता उनकी संवेदनशीलता, प्रतिबद्धता और जवाबदेही का एक सशक्त उदाहरण मानी जा रही है।