रायपुर। छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL) जल्द ही अपना प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी में है। कंपनी आम निवेशकों से पूंजी जुटाने के लिए शेयर बाजार में उतरने की योजना पर काम कर रही है। यदि यह प्रस्ताव साकार होता है, तो CSPTCL छत्तीसगढ़ सरकार की पहली ऐसी कंपनी बन जाएगी, जिसके शेयर शेयर बाजार में ट्रेड होंगे।
सूत्रों के अनुसार कंपनी स्तर पर इस विषय को लेकर उच्च स्तरीय चर्चा जारी है। आईपीओ के माध्यम से कंपनी अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा आम निवेशकों के लिए उपलब्ध कराएगी, जिससे उसे विस्तार और अधोसंरचना विकास के लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन मिल सकेंगे।
इससे पहले छत्तीसगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध हो चुकी है, लेकिन उसके शेयरों में नियमित कारोबार नहीं होता। कंपनी ने वर्ष 2014-15 और 2015-16 में बॉन्ड जारी कर निवेशकों से पूंजी जुटाई थी। अब पावर ट्रांसमिशन कंपनी आईपीओ के जरिए पूंजी जुटाने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।
आईपीओ के बाद कंपनी के शेयर शेयर बाजार में सूचीबद्ध होंगे, जहां निवेशक उनकी खरीद-बिक्री कर सकेंगे। कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर शेयरों की कीमत तय होगी और समय के साथ उसके मार्केट कैपिटलाइजेशन में भी वृद्धि हो सकती है। सूचीबद्ध होने से कंपनी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और निवेशकों का आधार भी व्यापक होगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि आईपीओ के जरिए आम लोग भी कंपनी के हिस्सेदार बन सकेंगे। भविष्य में कंपनी के लाभ में वृद्धि होने पर शेयरधारकों को डिविडेंड का लाभ भी मिल सकता है।
छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि देश के कई राज्यों की सरकारी पावर कंपनियां पहले ही आईपीओ के माध्यम से आम निवेशकों से पूंजी जुटा रही हैं। केंद्र सरकार की कई ऊर्जा कंपनियां भी शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि CSPTCL के आईपीओ को लेकर उच्च स्तर पर चर्चा चल रही है और यह शासन स्तर का विषय है।
हालांकि आईपीओ की समय-सीमा और हिस्सेदारी बिक्री को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इस पहल को राज्य की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





