रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली NEET UG 2026 पुनः परीक्षा के सुचारु संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हुई इस बैठक में मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा के दौरान राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और केंद्र सरकार द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी जिलों में परीक्षा केंद्रों का पहले से निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं की पूरी तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
योग दिवस को ध्यान में रखकर परीक्षा संचालन पर विशेष नजर
रायपुर। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भी है, ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी प्रकार की गतिविधि से परीक्षा संचालन प्रभावित न हो। परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने के लिए समुचित व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।
मॉक ड्रिल और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
रायपुर। मुख्य सचिव ने परीक्षा से एक दिन पहले यानी 20 जून को मॉक ड्रिल कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि सभी व्यवस्थाओं की पूर्व जांच हो सके। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष तैयारी करने को कहा गया है।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट को एयर फोर्स के माध्यम से सुरक्षित रूप से पहुंचाया जाएगा, जिसके लिए पहले से तैयारी सुनिश्चित की जाए। सभी जिलों में कंट्रोल रूम स्थापित कर परीक्षा के दौरान सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
19 शहरों में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए
रायपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ में NEET UG 2026 पुनः परीक्षा 19 शहरों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए कुल 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
उन्होंने सभी जिला प्रशासन से परीक्षा के सफल संचालन के लिए आपसी समन्वय और सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और सभी संबंधित जिलों के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल हुए।





