May 14, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट | बादलों की आवाजाही से तापमान में गिरावट, कई जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। आसमान में बादल छाने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज होने के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में प्रदेश के सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात के साथ हल्की वर्षा की संभावना जताई है।

पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। सबसे अधिक गर्मी दुर्ग में दर्ज की गई, जहां तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विभाग ने आज भी कई स्थानों पर तेज हवा (40–50 किमी प्रति घंटा) और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 42 डिग्री और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम विज्ञानी एच. पी. चंद्रा के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर प्रदेश के आसपास बना चक्रवाती परिसंचरण और छत्तीसगढ़ से होकर गुजरती द्रोणिका मिलकर इस बदलाव का कारण बन रहे हैं। इन प्रणालियों के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर रहेगा और कहीं-कहीं हल्की वर्षा के साथ अंधड़ व बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है।