May 14, 2026

छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर: बालोद में ट्रक से कुचलकर युवक की मौत, राजिम में अज्ञात वाहन ने ली जान

बालोद/गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां दो अलग-अलग सड़क हादसों में युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटनाओं के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

ट्रक की चपेट में आकर युवक की मौत
बालोद जिले के बेलौदी गांव में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना गुण्डरदेही थाना क्षेत्र की है।

बताया जा रहा है कि हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बाइक सवार युवक ओवरटेक करने के दौरान संतुलन खो बैठता है और ट्रक के नीचे आ जाता है। ट्रक का पहिया युवक के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसका सिर बुरी तरह कुचल गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना बताया जा रहा है।

राजिम में अज्ञात वाहन ने युवक को रौंदा
वहीं दूसरी घटना गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र से सामने आई है, जहां एक अज्ञात वाहन ने युवक को कुचल दिया। यह हादसा देर रात एक पेट्रोल पंप के सामने हुआ।

हादसा इतना भीषण था कि युवक का शव क्षत-विक्षत हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।

पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। दोनों ही मामलों में जांच जारी है।

लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात नियमों के पालन और सतर्कता की जरूरत को रेखांकित किया है।