जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों ने एक बार फिर रफ्तार और लापरवाही की कीमत सामने ला दी है। धमतरी, बिलासपुर और जगदलपुर में हुए हादसों में प्रधान आरक्षक और 3 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
धमतरी में प्रधान आरक्षक की मौत
धमतरी के सिहावा चौक के पास रात्रि गश्त के दौरान तेज रफ्तार पिकअप ने प्रधान आरक्षक विजय बैरागी और नगर सैनिक दिलीप पांडे को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि प्रधान आरक्षक विजय बैरागी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नगर सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विजय बैरागी को जल्द ही एएसआई पद पर प्रमोशन मिलने वाला था, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
बिलासपुर में 3 साल की मासूम की मौत
बिलासपुर के उसलापुर क्षेत्र में स्कूटी सवार को बचाने के दौरान कार में अचानक ब्रेक लग गया, जिससे पीछे खड़े दो मासूम बच्चे आगे गिर पड़े।
इस हादसे में 3 साल की मिरी लहरे की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका 4 वर्षीय भाई घायल है और अस्पताल में भर्ती है।
जगदलपुर में स्कॉर्पियो पलटी, 6 घायल
जगदलपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-63 पर किरंदुल से ओडिशा लौट रही एक स्कॉर्पियो मारेंगा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।
वाहन में एक ही परिवार के 6 लोग सवार थे, जो शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे में सभी घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, रात के समय टायर फटने के बाद वाहन चला, लेकिन सुबह चालक को नींद की झपकी आने से हादसा हो गया।
पुलिस जांच जारी
तीनों घटनाओं में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने से बचें, क्योंकि छोटी सी चूक भी जानलेवा साबित हो सकती है।





