जशपुर/अंबिकापुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जशपुर और कोरबा में हुए दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सरगुजा में कार-ट्रक की भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए। वहीं कोरबा में हिट एंड रन के एक मामले में जिला अस्पताल के डॉक्टर को कुचलने की कोशिश का आरोप भी सामने आया है।
बोलेरो की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत
जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में शक्ति मुख्य मार्ग पर आमापाली के पास ट्रैक्टर और एक्टिवा की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है, हालांकि उसके पास मिले दस्तावेज में रायगढ़ जिले के पटेलपाली निवासी गजानन चौहान का नाम दर्ज है। पुलिस पहचान की पुष्टि में जुटी है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया।
कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 4 घायल
सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में रामगढ़ ढाबा के पास कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में भर्ती कराया गया है।
डॉक्टर को कुचलने की कोशिश का आरोप
कोरबा जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र में हिट एंड रन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिला अस्पताल कोरबा में पदस्थ एमबीबीएस सर्जन डॉ. शक्ति डिक्सेना कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी दो पसलियां और अंगूठा फ्रैक्चर हो गया।
डॉ. डिक्सेना का आरोप है कि टक्कर मारने के बाद नाबालिग चालक ने वाहन को पीछे कर उन्हें दोबारा कुचलने की कोशिश की। जान बचाने के लिए उन्हें सड़क छोड़कर खेत की ओर भागना पड़ा। शिकायत के बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





