रायपुर/बिलासपुर/दुर्ग/बालोद। छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों — रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बालोद — से दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं। इन हादसों में कुल 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
रायपुर: मदद करने आए युवक को ट्रक ने कुचला
तेलीबांधा क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर बारिश के कारण फिसलन से एक महिला स्कूटी समेत गिर गई। उसे बचाने पहुंचे युवक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

कोतवाली थाना क्षेत्र में भी एक ट्रक ने दो राहगीरों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
नया रायपुर में मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हवा में उछल गई और दो पेड़ों के बीच फंस गई। हादसे में सत्य साईं अस्पताल के एक डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए।
बिलासपुर: 25 वर्षीय युवक की मौके पर मौत
बिलासपुर जिले के घासीपुर इलाके में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 25 वर्षीय संजय कुमार आर्मी की मौत हो गई। वह रतनपुर में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था और इलाज के बाद लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बालोद: ड्यूटी पर जा रहे आरक्षक की बस से कुचलकर मौत
बालोद थाना में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 221 ठनेश टेमार्य मोटरसाइकिल से समंस-वारंट तामिली के लिए निकले थे। ग्राम सिवनी मुख्य मार्ग पर पीछे से आ रही कांकेर ट्रेवल्स की बस (CG 09 F 0603) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। भीषण हादसे में आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्ग: दोपहिया वाहनों की भिड़ंत में युवक की जान गई
दुर्ग जिले के पाटन थाना क्षेत्र में तर्रा-जामगांव मार्ग पर बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में 23 वर्षीय नवीन कुमार की मौके पर मौत हो गई। वहीं 63 वर्षीय मुरलीधर दीवान गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें मेकाहारा अस्पताल, रायपुर रेफर किया गया है।

लगातार बढ़ते सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।





