July 30, 2026

16 जून को पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा शाला प्रवेश उत्सव, स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश

छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ 16 जून को राज्यभर में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी कलेक्टरों, जिला शिक्षा अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्राचार्यों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

विभाग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन प्रत्येक स्तर पर किया जाएगा। इसके लिए स्कूलों में प्रारंभिक तैयारियों के साथ व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैनर-पोस्टर लगाने, रैली निकालने तथा गांवों और शहरी वार्डों में मुनादी कराने को कहा गया है। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शाला विकास समितियों और पालकों को विशेष रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों में शाला प्रारंभ होने से पहले भवनों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आवश्यक मरम्मत कार्य 15 जून तक पूर्ण करने को कहा है। स्कूल परिसर को आकर्षक और बच्चों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने पर भी जोर दिया गया है।

पहली और छठवीं कक्षा में प्रवेश की विशेष तैयारी
निर्देशों के अनुसार कक्षा पहली में प्रवेश के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों से बच्चों की सूची प्राप्त की जाएगी। वहीं प्राथमिक विद्यालयों से पांचवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों की सूची और स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) लेकर उन्हें कक्षा छठवीं में प्रवेश दिलाया जाएगा। इसके अलावा स्कूल छोड़ चुके बच्चों को प्रेरित कर पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे।

शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के निर्देश
विभाग ने जिला और विकासखंड स्तर पर शिक्षकों के लंबित मामलों का निराकरण करने के निर्देश भी दिए हैं। आवश्यकता पड़ने पर विशेष शिविर आयोजित किए जा सकेंगे। साथ ही शिक्षकों को आगामी तीन माह का शैक्षणिक रोडमैप तैयार करने और विद्यार्थियों व शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मिलेगा समुदाय का सहयोग, बांटी जाएंगी सामग्री
शाला प्रवेश उत्सव में स्थानीय समुदाय, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य कर्मी, स्व-सहायता समूह, सेवानिवृत्त कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति बच्चों को स्लेट, पेंसिल, कॉपी, कंपास बॉक्स, स्कूल बैग जैसी शैक्षणिक सामग्री भी भेंट कर सकेंगे।

उत्सव के दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश और पात्र छात्रों को साइकिल का वितरण भी किया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का स्कूलों में नामांकन सुनिश्चित करना और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।