मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में दर्ज 22 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। शिकायतकर्ता हर्ष पाण्डेय ने पुलिस अधिकारियों को आवेदन सौंपकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।
जानकारी के अनुसार, थाना जरहागांव में शारदा प्रसाद पाठक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 296 और 351(3) के तहत 22 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। एफआईआर के बाद आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रथम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, मुंगेली की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को अदालत ने आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे साक्ष्यों से छेड़छाड़, गवाहों को प्रभावित करने और जांच प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। उनका कहना है कि न्यायालय के आदेश के बाद भी कार्रवाई में देरी न्यायिक प्रक्रिया की भावना के अनुरूप नहीं है।
हर्ष पाण्डेय ने पुलिस अधिकारियों से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, गिरफ्तारी में हो रही कथित देरी की जांच कराने तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा है कि यदि आरोपी जानबूझकर गिरफ्तारी से बच रहा है, तो उसके खिलाफ कानून के तहत आवश्यक कठोर कार्रवाई की जाए और मामले की निष्पक्ष व प्रभावी जांच सुनिश्चित की जाए।
थाना प्रभारी का पक्ष
मामले में थाना प्रभारी शोभा यादव ने बताया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि मामले की विवेचना कानून के अनुसार जारी है और आरोपी को पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ अपना कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस पर अनावश्यक दबाव बनाना उचित नहीं है। आरोपी के मिलते ही उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, एक ओर शिकायतकर्ता आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी फरार है और उसकी तलाश लगातार जारी है। ऐसे में अब इस मामले में पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।





