AI शिक्षा की ओर बढ़ता छत्तीसगढ़
रायपुर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में शिक्षा प्रणाली को आधुनिक बनाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। स्कूल शिक्षा विभाग Google के साथ मिलकर आत्मानंद स्कूलों में AI आधारित शिक्षा लागू करने की तैयारी कर रहा है। इसी कड़ी में आज प्राचार्यों की बैठक और कार्यशाला आयोजित की जा रही है, जिसमें गूगल के विशेषज्ञ नई तकनीकों की जानकारी देंगे।
शिक्षकों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि 15 अप्रैल से 15 जून तक शिक्षकों का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य है कि 16 जून से शुरू होने वाले नए शिक्षा सत्र में छात्रों को आधुनिक संसाधनों के साथ पढ़ाई मिल सके।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बच्चों को पारंपरिक शिक्षा के साथ AI की भी जानकारी दी जाएगी।
प्राइवेट स्कूलों पर सख्ती, जांच जारी
प्राइवेट स्कूलों द्वारा किताबों की कीमतों में मनमानी को लेकर भी सरकार सख्त नजर आ रही है। मंत्री ने कहा कि कई शिकायतें मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं और कई जगह छापेमारी भी की गई है। गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बोर्ड परीक्षा सुरक्षा पर भरोसा
12वीं बोर्ड परीक्षा के हिंदी पेपर की सुरक्षा को लेकर मंत्री ने कहा कि इस बार कड़ी व्यवस्था की गई है। पिछली बार भी पेपर लीक नहीं हुआ था और इस बार भी पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
नए शिक्षा सत्र में कई बदलाव
आने वाले सत्र में शिक्षा प्रणाली में कई नए बदलाव देखने को मिलेंगे। स्कूलों में स्थानीय तीज-त्योहारों को शामिल किया जाएगा, प्रतिदिन राष्ट्रगीत-राष्ट्रगान के साथ मंत्रोच्चारण होगा और महापुरुषों के जीवन पर संक्षिप्त व्याख्यान दिया जाएगा।
इसके अलावा योग, गार्डनिंग, हाउसकीपिंग और लोकल खेलों को भी शिक्षा का हिस्सा बनाया जाएगा, जिससे छात्रों का समग्र विकास हो सके।





