July 29, 2026

दुर्ग में डिजिटल सेवाओं का विस्तार : अब सेवा सेतु पोर्टल पर 441 से अधिक शासकीय सेवाएं उपलब्ध

दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा लोक सेवा केन्द्रों का उन्नयन कर उन्हें सेवा सेतु केन्द्र के रूप में विकसित किया गया है। इसके तहत प्रशासनिक सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल, त्वरित और डिजिटल माध्यम से पहुंचाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। अब ग्राम पंचायत स्तर पर भी ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन विवाह प्रमाण-पत्र बनाए जा रहे हैं।

सेवा सेतु पोर्टल के जरिए 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे आम नागरिक घर बैठे विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उठा पा रहे हैं।

ई-जिला प्रबंधक श्रुति अग्रवाल ने बताया कि आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, नाम परिवर्तन हेतु साधारण राजपत्र अधिसूचना, विवाह प्रमाण-पत्र (ग्रामीण एवं शहरीय), भू-नकल समेत कई महत्वपूर्ण सेवाएं सेवा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध हैं। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे ऑनलाइन माध्यम से इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ लें।

उन्होंने बताया कि पहले लोगों को अलग-अलग विभागों की सेवाओं के लिए कई कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। प्रमाण-पत्र जैसी मूलभूत सेवाओं के लिए समय, श्रम और पैसे की अधिक खपत होती थी। सेवा सेतु पोर्टल ने इस व्यवस्था को आसान बनाते हुए नागरिकों को वन स्टॉप सॉल्यूशन उपलब्ध कराया है। अब लोग ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं प्राप्त कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक सबसे अधिक मांग आय प्रमाण-पत्र की रहती है। इसके अलावा मूल निवास, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र और भू-नकल सेवाओं का भी बड़ी संख्या में उपयोग हो रहा है। इससे स्पष्ट है कि दैनिक जरूरतों से जुड़ी सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाना लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहा है।

अब ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोग भी कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केन्द्र और इंटरनेट आधारित सेवाओं के जरिए सुविधाओं का लाभ उठा पा रहे हैं।

गौरतलब है कि पहले ई-डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म पर केवल 86 सेवाएं उपलब्ध थीं, लेकिन अब सेवा सेतु पोर्टल पर 441 से अधिक सेवाएं जोड़ी जा चुकी हैं। इनमें 54 नई सेवाएं शामिल हैं, जबकि विभिन्न विभागों की 329 री-डायरेक्ट सेवाओं का भी एकीकरण किया गया है। वर्तमान में 30 से अधिक विभाग इस प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं।