रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने जानकारी दी कि अभियान के दौरान लगभग 24 लाख 99 हजार से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।
अब प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 1,87,30,914 हो गई है। उन्होंने इस अभियान में सहयोग के लिए प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया।
पहले और बाद के आंकड़े
- एसआईआर से पहले कुल मतदाता: 2,12,30,737
- प्रारूप सूची (ड्राफ्ट) के बाद: 1,84,95,920
- अंतिम सूची में कुल मतदाता: 1,87,30,914
अंतिम चरण में दावों और आपत्तियों की सुनवाई के बाद 2,34,994 मतदाताओं के नाम जोड़े गए। पूरी प्रक्रिया में बड़ी संख्या में फर्जी, मृत या दोहराव वाले नाम हटाए गए।
पारदर्शिता और निष्पक्ष चुनाव पर जोर
निर्वाचन विभाग के अनुसार इस अभियान से मतदाता सूची अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनी है। इससे आगामी चुनावों में निष्पक्षता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। अधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
नाम नहीं है तो क्या करें?
यदि आपका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो—
- फॉर्म 6 भरकर घोषणा पत्र और आवश्यक दस्तावेज़ों के साथ ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन करें।
- यदि सूची में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो फॉर्म 8 भरकर सुधार के लिए आवेदन किया जा सकता है।
निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों से समय पर आवेदन कर अपने मतदान अधिकार को सुनिश्चित करने की अपील की है।







