March 4, 2026

छत्तीसगढ़ में स्टार्ट-अप और नवाचार को बढ़ावा देने हेतु CM ने STPI के साथ किया एमओयू

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर के बाद स्टार्ट-अप और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य की महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की।

एमओयू के तहत छत्तीसगढ़ में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (CoE) और इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ESDD) सेंटर की स्थापना की जाएगी। इन केंद्रों के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मेडटेक, स्मार्ट सिटी समाधान और स्मार्ट कृषि जैसे क्षेत्रों में नवाचार और स्टार्ट-अप को प्रोत्साहन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रस्तावित ESDD सेंटर प्रति वर्ष 30-40 हार्डवेयर स्टार्ट-अप और एमएसएमई को प्रोडक्ट डिजाइन, प्रोटोटाइपिंग, कौशल विकास और क्षमता निर्माण की सुविधा देगा। इससे प्रदेश के युवाओं को राज्य के भीतर ही इनक्यूबेशन, मेंटरशिप, फंडिंग और अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उच्च कौशल वाले युवाओं का बड़े शहरों की ओर पलायन रुकेगा और स्थानीय रोजगार सृजन होगा।

मुख्यमंत्री ने STPI के राष्ट्रीय अनुभव और प्रतिष्ठा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे छत्तीसगढ़ का नवाचार और स्टार्ट-अप इकोसिस्टम नई ऊँचाइयों तक पहुंचेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह एमओयू राज्य के आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा और छत्तीसगढ़ को डिजिटल नवाचार और तकनीकी उद्यमिता के क्षेत्र में राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।