रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू और कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बीच स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है और जिला अस्पताल सहित मेकाहारा में जांच की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
स्वाइन फ्लू के 152 मरीज, 114 स्वस्थ
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू के 152 मरीज सामने आए हैं। इनमें से 114 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 38 मरीज अभी एक्टिव हैं। वहीं कोरोना संक्रमण के भी 2 मरीज मिले हैं।
स्वास्थ्य मंत्री बोले- पैनिक होने की जरूरत नहीं
श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि लोगों को पैनिक होने की जरूरत नहीं है। कोरोना से निपटने के लिए पहले लगाए गए टीकों की वजह से लोगों के शरीर में पर्याप्त इम्यून पावर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल और मेकाहारा में मरीजों की जांच और उपचार की व्यवस्था की गई है।
लक्षण दिखने पर तुरंत कराएं जांच
स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू या कोरोना के लक्षण नजर आने पर किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। लक्षण दिखाई देने पर तत्काल अस्पताल पहुंचकर जांच और आवश्यक उपचार कराया जाए।





