June 13, 2026

Bilaspur News : नगर निगम में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 8 जोनों के आयुक्त बदले गए

बिलासपुर। नगर निगम में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आठों जोनों के जोन आयुक्तों का तबादला किया गया है। लंबे समय से एक ही जोन में पदस्थ अधिकारियों के खिलाफ मिल रही शिकायतों तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की निगरानी और क्रियान्वयन में तेजी लाने के उद्देश्य से यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है।

जानकारी के अनुसार शिकायतों के चलते तत्कालीन जोन कमिश्नर रंजना अग्रवाल को उनके पद से हटाया गया है। इसके अलावा कई अधिकारियों के प्रभार में भी व्यापक बदलाव किया गया है।

नगर निगम प्रशासन द्वारा जारी आदेश के तहत प्रवेश कश्यप को जोन क्रमांक-5 से हटाकर वीआईपी जोन-3 का जोन कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। वहीं प्रवीण शुक्ला को जोन कमिश्नर के पद से कार्यमुक्त कर उनके मूल पद कार्यपालन अभियंता पर वापस भेजा गया है। साथ ही उन्हें जोन-3 और जोन-7 की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।

नगर निगम प्रशासन का मानना है कि नए सिरे से की गई पदस्थापनाओं से कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।