रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और एक बार फिर राजधानी रायपुर में 44 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंचने की संभावना जताई गई है। भीषण गर्मी के बीच बस्तर संभाग में दक्षिण दिशा से आने वाली हवाएं लोगों को थोड़ी राहत दे सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं का असर अगले 2 से 3 दिनों तक बने रहने के आसार हैं, जिससे दक्षिणी इलाकों में तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों में तापमान में और वृद्धि दर्ज की गई है। शुक्रवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.5°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.5°C दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसा दिया, जिससे एक बार फिर ग्रीष्म लहर (हीट वेव) जैसे हालात बनते नजर आए।
बारिश और तेज हवा के संकेत
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिनों के बाद प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही एक-दो स्थानों पर गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में हीट वेव का असर बना रह सकता है।
मौसम सिस्टम सक्रिय
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अलग-अलग द्रोणिकाएं (ट्रफ) और एक एंटी साइक्लोन सिस्टम सक्रिय हैं, जिनकी वजह से फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में और वृद्धि हो सकती है। प्रदेश के मध्य भाग में ग्रीष्म लहर जैसे हालात बने रहने की आशंका है।
बस्तर में 26 अप्रैल से राहत के संकेत
बस्तर संभाग के दक्षिणी जिलों में 26 अप्रैल से गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
रायपुर का आज का तापमान
राजधानी रायपुर में आज अधिकतम तापमान 44°C और न्यूनतम तापमान 28°C के आसपास रहने का अनुमान है। साथ ही ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।





