रायपुर। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की सरकार की तैयारी के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने इसे भाजपा का राजनीतिक प्रपंच बताया, जबकि उप मुख्यमंत्री अरुण साव और भाजपा नेता केदार गुप्ता ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि UCC से आदिवासी समाज की परंपराओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
अमरजीत भगत बोले- UCC देश के लिए पेचीदा विषय
मीडिया से चर्चा में अमरजीत भगत ने कहा कि भारत विविधताओं वाला देश है और सभी पर एक जैसा कानून लागू करना उचित नहीं है। उनका कहना था कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी समुदाय को UCC की जानकारी तक नहीं है, ऐसे में इसका सकारात्मक प्रभाव नहीं दिखेगा।
अरुण साव का पलटवार
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि UCC को लेकर गठित समिति विभिन्न वर्गों से चर्चा करेगी और उसकी रिपोर्ट के आधार पर सरकार आगे निर्णय लेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हर मुद्दे पर भ्रम फैलाने का प्रयास करती है और UCC से आदिवासी समाज को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा।
भाजपा का दावा- परंपराएं पूरी तरह सुरक्षित रहेंगी
भाजपा नेता केदार गुप्ता ने कहा कि UCC लागू होने के बाद भी आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपराएं पूरी तरह सुरक्षित रहेंगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि समान नागरिक संहिता लव जिहाद और धर्मांतरण जैसी घटनाओं पर रोक लगाने में मददगार साबित होगी।
प्रशिक्षण शिविर और ‘BP’ बयान पर भी जुबानी जंग
कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को लेकर अमरजीत भगत ने कहा कि इससे भाजपा का “बीपी बढ़ गया है” और कांग्रेस की मजबूती से भाजपा घबराई हुई है।
इस पर अरुण साव ने पलटवार करते हुए कहा कि “बीपी किसका बढ़ा है, यह जनता जानती है। देश के अधिकांश राज्यों में भाजपा की सरकार है, जबकि कांग्रेस लगातार कमजोर हो रही है।”
वहीं केदार गुप्ता ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पूरी तरह स्वस्थ है, जबकि कांग्रेस को “पूरा बॉडी चेकअप” कराने की जरूरत है।
खाद-बीज संकट पर भी आमने-सामने
अमरजीत भगत ने प्रदेश में खाद-बीज की कमी और मानसून की धीमी रफ्तार का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद, बीज और पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है तथा कालाबाजारी बढ़ रही है।
इसके जवाब में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार ने खाद और बीज वितरण की पर्याप्त व्यवस्था की है। उन्होंने दावा किया कि किसानों को किसी तरह की दिक्कत नहीं है और कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।





