रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च तक चलेगा। इस दौरान सदन की कुल 15 बैठकें आयोजित की जाएंगी।
राज्यपाल के अभिभाषण से होगी सत्र की शुरुआत
बजट सत्र के पहले दिन यानी 23 फरवरी को राज्यपाल रमेन डेका का अभिभाषण होगा। राज्यपाल के संबोधन के साथ ही सदन की कार्यवाही की औपचारिक शुरुआत होगी, जिसमें सरकार अपनी उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का खाका पेश करेगी।
बजट और जनहित के मुद्दों पर होगी चर्चा
बजट सत्र के दौरान राज्य सरकार के वित्तीय लेखा-जोखा पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही जनहित से जुड़े मुद्दे, नए विधेयक और अनुपूरक बजट भी सदन में रखे जाएंगे। सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।
बजट सत्र को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों ही अपनी-अपनी रणनीतियां बनाने में जुट गए हैं, जिससे यह सत्र राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।








