रायपुर | छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत से पहले वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच आगामी बजट सत्र के साथ-साथ आर्थिक और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होकर 27 मार्च तक चलने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, 27 फरवरी को विधानसभा में बजट पेश किया जा सकता है। सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से होगी, जिसके बाद धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की जाएगी।
इधर, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बजट सत्र की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भी चर्चा की। मुख्यमंत्री साय गुरुवार सुबह स्पीकर हाउस पहुँचे, जहाँ उन्होंने लगभग एक घंटे तक बैठक की। बैठक में सत्र के सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा फिलहाल राज्य से बाहर हैं। उनके लौटने के बाद बजट सत्र को लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किए जाने की संभावना है।





