रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले चार दिनों में दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 12 अप्रैल से बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभागों में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है, जहां एक-दो स्थानों पर अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर पहुंचने की संभावना है। इससे लू जैसे हालात बनने की आशंका जताई गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम ज्यादातर शुष्क रहा। कुछ स्थानों पर बहुत हल्की वर्षा दर्ज की गई, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में तेज धूप और गर्मी का असर देखने को मिला। इस दौरान राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि वर्तमान में ओडिशा के ऊपर समुद्र तल से लगभग 0.9 किमी ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा ओडिशा से लेकर तेलंगाना, रायलसीमा और आंतरिक तमिलनाडु तक फैली उत्तर-दक्षिण गर्त (ट्रफ लाइन) भी सक्रिय है, जो मौसम में बदलाव का कारण बन रही है।
राजधानी रायपुर में आज मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। दिन में तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस और रात में 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की अपील की गई है।





