प्रदेश में बदला मौसम, ऑरेंज अलर्ट जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई है। आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी
रायपुर। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है।
दुर्ग रहा सबसे गर्म, रायपुर में तापमान सामान्य से कम
रायपुर। बुधवार को प्रदेश का सर्वाधिक तापमान दुर्ग में 35.2°C दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी यहीं 19.2°C रहा। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 33.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है।
अन्य शहरों में भी तापमान में गिरावट
रायपुर। बिलासपुर में 33.3°C, जगदलपुर में 30.7°C (सामान्य से 5°C कम), अंबिकापुर में 31.7°C और माना एयरपोर्ट में 33.5°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश में हुई बारिश का आंकड़ा
रायपुर। पिछले 24 घंटों में कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई। देवभोग में 5 सेमी, करपावंद में 4 सेमी, देवकर में 2 सेमी और बिलासपुर में 8.6 मिमी वर्षा हुई।
मौसम बदलाव की वजह बनीं सक्रिय प्रणालियां
रायपुर। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मध्य प्रदेश में बने चक्रवाती परिसंचरण और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से उत्तरी छत्तीसगढ़ तक फैली द्रोणिका के कारण नमी बढ़ी है, जिससे बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति बनी है।
आज भी बारिश और अंधड़ के आसार
रायपुर। 19 मार्च को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। रायपुर में आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है।
अगले पांच दिन गर्मी से राहत
रायपुर। राहत की बात यह है कि अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट बनी रहेगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।





