रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, गरियाबंद और कांकेर समेत कई जिलों में मंगलवार को आंधी-तूफान, गरज-चमक और तेज बारिश देखने को मिली। बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है और तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में बारिश से राहत
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पिछले तीन दिनों से मौसम लगातार बदल रहा है। दोपहर बाद हो रही बारिश से गर्मी से राहत मिल रही है। मंगलवार को भी तेज आंधी और बारिश के चलते साप्ताहिक बाजार प्रभावित हुआ और दुकानदारों को नुकसान का सामना करना पड़ा।
गरियाबंद में तेज बारिश, तेंदूपत्ता पर असर की आशंका
गरियाबंद में तेज हवाओं के साथ बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया है। हालांकि इस बारिश से तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
कांकेर में बिजली व्यवस्था प्रभावित
कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र में करीब एक घंटे तक तेज आंधी और बारिश हुई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई जगह पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की खबरें सामने आई हैं।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिसके बाद धीरे-धीरे तापमान बढ़ने की संभावना है।





