May 19, 2026

छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। साथ ही एक-दो स्थानों पर अंधड़, आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

राजधानी रायपुर में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने और मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। शनिवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसके साथ ही आगामी 3 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

शुक्रवार को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तरी मध्य प्रदेश से उत्तरी विदर्भ तक समुद्र तल से लगभग 0.9 किमी ऊपर एक द्रोणिका सक्रिय है। इसके अलावा दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और यानम के आसपास 1.5 से 3.1 किमी की ऊंचाई पर ऊपरी-वायु चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है।