May 18, 2026

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, अंधड़-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान फिलहाल सामान्य स्तर पर बना हुआ है। हालांकि एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई है, जिससे वातावरण में हल्की ठंडक बनी हुई है। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। उत्तरी ओडिशा से सटे दक्षिण गंगा क्षेत्रीय पश्चिम बंगाल के ऊपर सक्रिय ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के कुछ इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। आने वाले दो दिनों के बाद भी प्रदेश में हल्की बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रह सकता है, जहां हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

राजधानी रायपुर में 27 मार्च को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। यहां गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। शहर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।