July 26, 2026

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज: तापमान बढ़ेगा, बारिश और वज्रपात की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में मौसम का रुख धीरे-धीरे बदलता नजर आ रहा है। फिलहाल प्रदेश में तापमान सामान्य बना हुआ है, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई है।

इसके साथ ही कई इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम में यह बदलाव एक सक्रिय द्रोणिका (ट्रफ) के कारण हो रहा है।

प्रदेश में दिन और रात के तापमान में स्पष्ट अंतर देखा जा रहा है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 39.0°C दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 16.7°C रिकॉर्ड किया गया। फिलहाल मौसम में बड़ा बदलाव नहीं है, लेकिन स्थानीय स्तर पर हल्की गतिविधियां जारी हैं।

मौसम विभाग के अनुसार गंगीय पश्चिम बंगाल से ओडिशा होते हुए दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर ऊपर एक द्रोणिका सक्रिय है। इसी के प्रभाव से आने वाले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

राजधानी रायपुर में 26 मार्च को मौसम मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। हालांकि दोपहर या शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं। यहां अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों में मौसम की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं, जिससे प्रदेश में अस्थिर मौसम बना रहेगा।