March 3, 2026

छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी गर्मी: 6 दिनों में 4°C तक बढ़ेगा पारा, रायपुर में 35 डिग्री के पार जाएगा तापमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में गर्मी का असर तेज होने वाला है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान में अगले छह दिनों के दौरान चार डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना जताई है। वहीं न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।

प्रदेश का तापमान हाल

शुक्रवार को राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.0°C राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.1°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई।

रायपुर का मौसम अपडेट

राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 34.3°C और न्यूनतम 19.3°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है।

  • हवा की औसत गति: करीब 2 किमी/घंटा
  • सुबह की आर्द्रता: 50%
  • शाम की आर्द्रता: 25%

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 19°C के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक की जानकारी

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में लगभग 5.8 किमी ऊंचाई पर 70° पूर्व और 35° उत्तर में स्थित है।
28 फरवरी को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि का दौर जारी रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन किसी बड़े परिवर्तन की संभावना नहीं है।