May 14, 2026

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट: रायगढ़ और महासमुंद में यलो अलर्ट, तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने रायगढ़ और महासमुंद जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन दोनों जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, साथ ही तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अचानक मौसम में बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

विभाग ने किसानों, खुले में काम करने वाले श्रमिकों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को पेड़ों और खुले मैदानों से दूर रहने को कहा गया है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। हालांकि 11 मई के बाद इन गतिविधियों में कमी आने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रायपुर में तापमान 39.4 डिग्री, रायगढ़ में 37 डिग्री, बिलासपुर में 37.4 डिग्री और जगदलपुर में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना भी जताई है।