March 5, 2026

छॉलीवुड एक्ट्रेस से मारपीट केस में बड़ा मोड़: आरोपी डायरेक्टर मोहित साहू ने फिनायल पीकर की आत्महत्या की कोशिश

Raipur Crime News: छॉलीवुड एक्ट्रेस से मारपीट के मामले में आरोपी डायरेक्टर मोहित साहू ने FIR दर्ज होने के बाद बीती रात फिनायल पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है।

इस घटना के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है और पुलिस अब पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है।


🚨 FIR दर्ज होते ही बदली कहानी

पीड़िता की शिकायत पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मोहित साहू के खिलाफ मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में FIR दर्ज की थी। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि आरोपी ने उसके साथ लकड़ी के डंडे से बेरहमी से मारपीट, सिर फोड़ा और कैंची से चेहरे पर हमला किया।

गंभीर चोटों के चलते युवती को पहले एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था।


🏥 फिनायल पीने के बाद बिगड़ी हालत

FIR दर्ज होने के बाद आरोपी द्वारा आत्महत्या की कोशिश किए जाने की जानकारी सामने आने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, मोहित साहू ने फिनायल पी लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।


💍 दबाव बनाकर उज्जैन में कराई शादी

पीड़िता के अनुसार वह बलौदाबाजार की रहने वाली है और रायपुर के भाठागांव स्थित सिल्वर ऑक्स कॉलोनी में रह रही थी। फिल्मों में काम के दौरान उसकी मुलाकात छॉलीवुड डायरेक्टर मोहित साहू से हुई थी।

आरोप है कि मोहित साहू पहले से शादीशुदा और दो बच्चों का पिता है, इसके बावजूद उसने फिल्म में काम दिलाने के नाम पर नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का दबाव बनाया।

दिसंबर 2025 में वह युवती को उज्जैन ले गया, जहां मंदिर में मंगलसूत्र पहनाकर पत्नी के रूप में स्वीकार किया और फिर रायपुर लाकर फ्लैट में अपने साथ रखने लगा।


📞 फोन पर बात करने पर किया जानलेवा हमला

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे घर में बंद रखता था और किसी से मिलने-जुलने से रोकता था।

22 जनवरी की दोपहर वह अपनी दीदी से फोन पर बात कर रही थी, इसी बात पर आरोपी भड़क गया और लकड़ी के डंडे और कैंची से हमला कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसियों ने उसे बचाया और फिर पीड़िता थाने पहुंची।


👮‍♂️ पुलिस जांच जारी

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले की विवेचना जारी है। मेडिकल रिपोर्ट, पीड़िता के बयान और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।